मंगलवार, 16 जून 2020

शिव पुराण (सृष्टि वर्णन) लेख संख्या - 07


                  सृष्टि रचना
      ब्रह्मा जी ने आगे नारद जी को बताया कि जब उन्होंने सृष्टि रचना आरंभ करने के लिए भगवान  शिव  और  विष्णु  जी  का ध्यान करते हुए पहले से रचे हुए जल में अपनी अंजलि डालकर जल को ऊपर की ओर उछाला।  इससे  वहां  एक  अंड  प्रकट हुआ जो चौबीस तत्वों का समूह भी  कहा  जाता है। वह विराट आकार वाला अंड जड़ रूप ही था। ब्रह्मा जी ने बारह वर्षों तक भगवान विष्णु जी का चिंतन किया।  फिर  श्री  हरि  प्रकट  हुए और ब्रह्मा जी द्वारा अंड को चेतन करने की  विनती  करने  पर स्वयं ही उस अंड में प्रवेश कर गए जिससे वो  अंड  सचेतन  हो गया। पाताल से लेकर सत्य लोक तक की अवधि वाले उस अंड के रूप में वहां साक्षात श्री हरि ही विराजने लगे। तब उस विराट अंड में व्यापक होने से ही वे प्रभु वैराज पुरुष कहलाए। 
     पंचमुख महादेव ने केवल अपने रहने के  लिए  कैलास नगर का निर्माण किया, जो सब लोकों से ऊपर  सुशोभित  होता  है। सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड का नाश हो जाने पर भी बैकुंठ और कैलाश का कभी नाश नहीं होता। ब्रह्मा जी सत्य  लोक  का  आश्रय  लेकर रहते हैं। 
     उसके बाद ही ब्रह्मा जी ने भिन्न भिन्न प्रकार की सृष्टि उत्पन्न की। सबसे पहले अविद्या, उसके बाद स्थावर संज्ञक  वृक्ष  आदि फिर मनुष्य, भूत आदि कई प्रकार की सृष्टि उत्पन्न की गई। 
      द्विजात्मक सर्ग में सनक आदि ऋषि कुमारों  की सृष्टि हुई। उनका मन सदा भगवान शिव में ही  लगा  रहता है।  ब्रह्मा  जी द्वारा आदेश देने पर भी उन्होंने सृष्टि विस्तार का कार्य स्वीकार नहीं किया। इस पर ब्रहा जी क्रोधित हो गए। और उन पर मोह छा गया। उन्होंने भगवान विष्णु का स्मरण किया। श्री विष्णु जी शीघ्र ही आ पहुंचे। उन्होंने ब्रह्मा जी को समझाते  हुए  भगवान शिव की तपस्या करने के लिए प्रेरित किया। तब  ब्रह्मा  जी  ने भगवान शिव की घोर तपस्या की। तब ब्रह्मा जी की भौहों और नासिका के मध्य भाग से सर्वेश्वर भगवान अर्धनारीश्वर  रूप  में प्रकट हुए। ब्रह्मा जी  ने सिर झुका कर भगवान शिव से प्रार्थना की कि हे प्रभु आप भांति भांति के जीवों की सृष्टि कीजिए।    उनकी  यह बात सुनकर उन देवाधिदेव महेश्वर रुद्र ने अपने  ही समान बहुत से रुद्र गणों की सृष्टि की। तब ब्रह्मा जी ने कहा कि हे देव आप ऐसे जीवों की उत्पत्ति कीजिए जो जन्म और  मृत्यु के भय से युक्त हों। उनकी बात सुनकर महादेव जी  हंसते  हुए कहने लगे कि विधाता! मैं ऐसी सृष्टि नहीं करूंगा जो जन्म और मृत्यु के भय से युक्त हो। मैं तो दुःख के सागर में  डूबे  हुए  उन जीवों का उद्धार मात्र करूंगा। हे प्रजापते! दुःख  के  सागर  में डूबे हुए सारे जीवों की सृष्टि तो तुम ही करो। मेरी आज्ञा से इस कार्य में प्रवृत्त होने के कारण तुम्हें माया नहीं बांध सकेगी।      इतना कहकर श्रीमान भगवान नील लोहित महादेव अपने सभी पार्षदों के साथ वहां से तत्काल तिरोहित हो गए। 
     फिर ब्रह्मा जी ने शब्द तन्मात्रा आदि  सूक्ष्म पांचों  भूतों  का परस्पर सम्मिश्रण करके उनसे स्थूल आकाश, वायु, अग्नि, जल और पृथ्वी की सृष्टि की। पर्वतों, समुद्रों और वृक्षों आदि को भी उत्पन्न किया। कला से लेकर युग परियंत काल विभाग की भी रचना की। उत्पत्ति और विनाश वाले और भी बहुत सारे पदार्थों का निर्माण किया।
   तब ब्रह्मा जी ने अपने नेत्रों से मरीचि, हृदय से  भृगु, सिर  से अंगिरा, व्यान वायु से पुलह, उदान वायु से पुलस्त्य, समान वायु से वशिष्ठ, अपान से कृतु, कानों से अत्रि, प्राणों से दक्ष, गोद से नारद, छाया से कर्दम तथा संकल्प से धर्म  को  उत्पन्न  किया।
     इसके बाद ब्रह्मा जी ने अपने विभिन्न अंगों  से  देवता, असुर आदि के रूप में असंख्य पुत्रों की सृष्टि करके  उन्हें  भिन्न  भिन्न शरीर प्रदान किए। तब ब्रह्मा जी ने शिव की कृपा से स्वयं को ही दो भागों में विभक्त करके अपने दो रूप बना लिए। आधे शरीर से वे पुरुष और आधे से स्त्री बन गए। तब उस पुरुष ने उस स्त्री के गर्भ से सर्व साधन समर्थ उत्तम जोड़े को उत्पन्न  किया। उस जोड़े में जो पुरुष  था  वही  स्वायंभुव  मनु के  नाम  से  प्रसिद्ध हुआ। और जो स्त्री हुई वह शतरूपा कहलाई।  इनसे आगे फिर मैथुन जनित सृष्टि शुरू हुई।
    मनु और शतरूपा के प्रियव्रत और उत्तान पाद नामक दो पुत्र हुए। तथा आकूति, देवहूति और प्रसूति नामक तीन कन्याएं हुईं।
आकूति का विवाह प्रजापति रुचि, देवहूति का ऋषि कर्दम और प्रसूति का विवाह प्रजापति दक्ष से हुआ। उनकी  संतान  से  ही आगे समस्त चराचर जगत व्याप्त है। 
                           ॐ नम: शिवाय

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें